Amy Blankenship - चाँद का नृत्य (रक्त बंधन किताब एक)‎ стр 4.

Шрифт
Фон

उसके दायीं और बाईं ओर से दो सीढ़ियाँ नीचे की ओर गई थीं, जो नीचे वास्तविक डांस फ्लोर तक जाने से पहले, बीच में मिल गई थीं। डांस फ्लोर हल्की रौशनियों से बस इस हद तक प्रकाशित था, कि उनके पाँव एक प्रकार की काली रौशनी पर पड़ते थे। सर के ऊपर लगी झिलमिलाती रौशनियों और रंगीन स्पॉटलाइट के साथ यह सब मिल कर एक दोज़ख की रचना कर रहे थे, जो डांस करने वालों पर सीधे पड़ने की बजाय और हर जगह पड़ रही थीं।

जिस तरह से यह सब बनाया गया था, आप नृत्य करने वालों को घुटनों तक देख सकते थे, लेकिन इसके अलावा, उनका पूरा शरीर अंधेरे में था।

यह देखने के लिए एनवी रेलिंग के ऊपर झुक गई, कि क्या वहाँ निचली मंज़िल पर कुछ और बार भी हैं, लेकिन वहाँ डांस फ्लोर के अलावा और कुछ नहीं था। इसने उसे किसी गड्ढे की याद दिलाई। एक बार जब आप उन सीढ़ियों से नीचे उतर जाएँ, तो आप उस अंधेरे की दया पर होंगे, जिसने नाचने वालों को छाया के एकांत में छुपा रखा था।

"इसमें तीन मंज़िलें हैं?" उसने उनके ऊपर बनी ठोस छत की ओर देखते हुए पूछा। तहखाने को मिला कर वह तीसरी मंज़िल होगी, और उसने सोचा कि क्या यह भी क्लब की सीमाओं में शामिल है, या यह इसकी हदों से बाहर है।

चीयर्स और सीटियों ने उसका ध्यान वापस डांस फ्लोर की ओर खींचा। जब बर्फ से नीले रंग की रौशनी गड्ढे के बीचों-बीच स्थित एक पिंजरे पर पड़ी तो उसे अपनी आँखों पर विश्वास नहीं हुआ। वह सलाखों के पीछे मौजूद व्यक्ति के ऊपर तुरंत मंत्रमुग्ध हो गई।

चाड की नज़र भी पिंजरे पर रुक गई। यह किसी जेल की छोटी कोठरी के जैसा दिखता था। इसके अंदर एक आदमी और एक औरत थे, और वे एक दूसरे के सामने दायरे में घूम रहे थे। इस दूरी से भी वह उनकी चेष्टाओं की गर्मी को महसूस कर सकता था। जब पिंजरे में बंद आदमी ने अपनी डांस पार्टनर को सलाखों की ओर धक्का दिया, ताकि वह उसकी बांह के नीचे दब जाए, और उसने उसे वहीं अटकाए रखने की कोशिश की, तो रेलिंग को कस कर पकड़ने के कारण उसके पोर सफ़ेद पड़ गए।

चारों ओर घूमते हुए आदमी ने उसकी कलाई पकड़ ली और उसके हाथों को उसके सामने सलाखों पर टिकाते हुए, उसे अपने पास खींच लिया। वह उसके लगभग नग्न शरीर को अपने साथ रगड़ने लगा, उसने उसे बाहों से पकड़ लिया, और उसका सर पीछे की ओर उसके सीने पर झुक गया, जैसे उसे इसमें बड़ा मज़ा आ रहा था।

यह प्रकृति में पाशविक लग रहा था, एक प्रकार के आदिम मैथुन नृत्य के जैसा। चाड और एनवी ने खुद को प्रदर्शन से आकर्षित पाया, प्रदर्शन दोनों को अलग-अलग ढंग से प्रभावित कर रहा था।

चाड ने उन्हें कुछ और मिनटों तक खामोशी से देखा, जब मुख्य युगल झटके से अलग हो गया, ताकि आदमी उसे दूसरी स्थिति में पकड़ सके। जब मर्द के कूल्हे ने ऊपर की ओर लड़की के नितंब की ओर झटका खाया तो उनकी क्रियाओं की गर्मी ने उसकी जींस को कस दिया। झुंझलाहट में अपनी नज़र दूसरी ओर घुमाते हुए चाड ने जबरन अपना ध्यान ऊपर की दीवारों की सजावट की ओर खींचा, जिसे वह अपने कोण से देख सकता था।

वे अधिकांशतः झिलमिलाती हुई रौशनियों के साथ स्थिर काली रौशनियाँ थीं, जो एक विशाल पोर्ट्रेट के जैसे चित्रों के पास लगी थीं, जिसमें जैगुआरों के आकर्षक शरीर दिखाए गए थे, जिसमें से कुछ छलांग लगा रहे थे और कुछ शिकार करते हुए अकेले शिकारी थे। खतरनाक जानवर अपनी खुद की ज़िंदगी जीते प्रतीत हो रहे थे। स्थिर चित्र रौशनियों के प्रभाव में हिलते हुए दिखते थे, जिससे यह आभास हो रहा था, जैसे वे जीवित हैं और सब कुछ देख रहे हैं।

उसे मानना पड़ा कि थीम अनोखी थी और कारगर थी। उसकी आँखों ने दीवारों पर पड़ती रौशनियों का पीछा किया और उसने ग़ौर किया कि चित्रों के बीच में ज़ंजीरें लटक रही थीं, जिनमें कुछ के साथ काँटेदार पट्टे लगे थे, और कुछ चमड़े के कोड़े थे।

उसने दोबारा पिंजरे की ओर देखा, और जेसन को देखने ही वाला था कि उसे डांस फ्लोर पर एक स्पॉट लाइट के पास ट्रेवर दिख गया। वह बेवकूफ दो लड़कियों के बीच सैंडविच बना हुआ था और लग रहा था कि वह अपनी ज़िंदगी के मज़े ले रहा था। जब चाड ने एनवी पर नज़र डाली तो यह देख कर कि वह सीधे उस तिकड़ी को घूर रही थी, वह समझ गया कि उसे एक शब्द भी कहने की ज़रूरत नहीं थी।

एनवी ने ट्रेवर को पढ़ने के लिए अपना सर किनारे की ओर उठा लिया, जैसे वह उसे जानती ही नहीं थी। इसने उसे यह सोचने पर मजबूर किया कि उसने आखिर उसके साथ डेट करना शुरू ही क्यों किया था।

उसे स्वीकार करना पड़ा कि वह आँखों के वास्ते एक ईनाम था। बेहद आकर्षक सही शब्द होगा। वह अपने लहराते हुए हल्के सुनहरे बालों, सुनहरे रंग और स्लेटी नीली आँखों के साथ एक बिगड़ैल छैला दिखता था। वह पूरी तरह से चाहे जाने के काबिल और खुशमिजाज था।

लेकिन अगर उसके आकर्षक व्यक्तित्व को छोड़ दें, तो उसमें ऐसा और कुछ नहीं था, जो किसी लड़की को आकर्षित कर सके। केवल एक और अच्छी बात जो वह उसके बारे में कह सकती थी वह यह थी कि वह बिस्तर में बहुत गर्म था, और उसने उसे अपने जीवन के कुछ बेहतरीन पल दिए थे।

यह सोच कर कि वह सच में मानती थी कि वह उसे चाहती है....चाहने से भी कुछ बढ़ कर चाहती है। वह उसको साबित करना चाहती थी कि वह मर्दों को कितना जानती है। लेकिन सच तो यह था कि वह अकेले रहते रहते तंग आ गई थी...... लेकिन फिर, किसी और व्यक्ति के साथ डेटिंग शुरू करने का कोई कारण नहीं था।

जब उसने उसे उस लड़की के नितंबों पर हाथ फेरते देखा, जो उससे चिपकी जा रही थी, तो यह एहसास कर के उसने एक लंबी सांस छोड़ी कि उसे ज़रा भी ईर्ष्या महसूस नहीं हो रही थी। यदि वह उससे सच में प्यार करती होती तो क्या वह ज़रा सी चोट लगने की बजाय उससे बुरी तरह नाराज़ न हो जाती? जिस चीज़ ने उसे सब से ज़्यादा परेशान किया वह यह थी कि उसने उससे झूठ बोला था, कि वह सिर्फ उसे चाहता था।

जेसन दरवाजे के पास ही पड़े अपने स्टूल पर बैठा एनवी के क्लब में आने का इंतज़ार कर रहा था। वह जानता था कि वह आएगी और चाड को उसके साथ देख कर उसे कोई आश्चर्य नहीं हुआ। कुछ मिनट उनको चारों ओर नज़र डालने के बाद उसने एनवी के कंधों पर तनाव का बोझ देखा और जब वह समझ गया कि उसने डांस फ्लोर के बाहर से ही अपने बॉयफ्रेंड को देख लिया है तो वह संतुष्टि के भाव से हँस पड़ा।

पिछले कुछ महीनों में उसने अपनी जलन को छुपाने की बहुत कोशिश की थी और वह उसे चोट नहीं पहुंचाना चाहता था, लेकिन अगर उसे ट्रेवर के चंगुल से निकालने के लिए यही करना पड़ा था तो यह उसी की भलाई के लिए था।

कैट की ओर मुड़ते हुए, खूबसूरत बारटेंडर, जिससे वह बातें कर रहा था, जेसन मुस्कुराया, "मैं ने कहा था न, वे आएंगे।" उसने एनवी और चाड की दिशा में देखते हुए स्वीकृति में सर हिलाया।

वह यहाँ एक घंटे से था, लेकिन ट्रेवर के एनवी को धोखा देने का साक्षी बनने के बाद उसका भीड़ में शामिल होने का मन नहीं था। वह ऊबने लगा और वक़्त गुजारने के लिए कैट से बातें करने लगा। उसने उसे एनवी के धोखेबाज़ बॉयफ्रेंड के बारे में भी बताया था।

"तो यह तुम्हारा सबसे अच्छा दोस्त और उसकी बहन है?" कैट ने दोनों को देखा, लेकिन उसकी ज़्यादा दिलचस्पी पुलिस वाले में थी। अगर जेसन ने उसे यह न बताया होता कि चाड एक पुलिस वाला है, तो वह कभी भी जान न पाती। वह बेहद आकर्षक था।

छह फुट लंबा क़द, धूप में संवलाया बदन और भूरे बाल, जिन पर सुनहरी हाई लाइटिंग थी। उसके बाल आम पुलिस वालों से थोड़ा ज़्यादा लंबे थे और ऐसे लगते थे जैसे हवा ने उन्हें उड़ा कर एक तरफ कर दिया हो, जिससे उस के व्यक्तित्व में एक जंगली आभास आ जाता था। वह उसकी तुलना क्विन से करने लगी और फिर यह एहसास होते ही आँखें झपकाईं कि उसने फिर से ऐसा किया। उसने यह जान कर जेसन की ओर देखा कि वे दोनों पुराने ज़ख़्मों को भरना चाहते थे या निरंतर जलन का खतरा मोल ले रहे थे।

"वह पुलिस वालों की तरह नहीं दिखता," कैट ने चाड पर आँखें गड़ाए और यह सोचते हुए कि क्या वह किसी को डेट कर रहा होगा, कहा। जेसन ने किसी भी संभावना के बारे में कुछ भी नहीं कहा।

"हाँ, खैर," जेसन ने जब ध्यान दिया कि वह चाड को किस नज़र से देख रही थी, तो उसने लगभग मुंह फुला लिया। उसने अपना सर हिलाया, "मैं कुछ मिनटों में आता हूँ।"

अपना क्लब सोडा समाप्त करते हुए उसने स्टूल खिसकाया और अपने दोस्तों की ओर बढ़ चला। जब वह उनके करीब पहुँच गया तो उसने अपना हाथ एनवी के कंधे पर रख दिया। अपने होंठों को उसके कानों के पास ले जा कर वह फुसफुसाया, "क्या तुम डांस करना चाहती हो?"

एनवी बिना मुड़े मुस्कुराई। "ओह, हाँ, बड़ी बेकरारी से!" उसने जवाब दिया, और फिर सबसे नजदीकी सीढ़ियों से नीचे उतर गई, और जेसन को वहीं चाड के पीछे खड़े छोड़ दिया, उसका हाथ अब भी किसी काल्पनिक कंधे पर था। उसने जब चाड को हँसते देखा, तो आँखें झपकाईं।

"धत तेरे की" जेसन ने उसको उतरते देख कर आह भरी।

चाड ने तरस खाते हुए जेसन के कंधे को थपथपाया जबकि वह उसे बार में ले गया और बार काउंटर पर झुक गया, "इससे परेशान मत हो। मुझे लगता है कि एनवी का दिमाग़ इस समय एक ही बात सोच रहा है और वह बदला लेना चाहती है।"

उसने सलाखों के पीछे से लड़की पर नज़र डाली और, एक पल के लिए, भूल गया कि जेसन भी वहाँ था। वह अपने कांस्य मिश्रित तांबई रंग और काफी लंबे काले घुँघराले बालों में, जो उसके कंधों पर लहराते हुए उसके कूल्हों तक जा रहे थे, बेहद हसीन लग रही थी। उसकी आँखें इसकी विपरीत थीं, हल्की नीली, जिन के हल्के रंग के चारों ओर मोटा सा काला छल्ला था।

उसकी दृष्टि उसके भरे हुए होंठों पर अटक गई और उसने कहा, "बस एक सोडा, प्लीज़।"

"आज पियोगे नहीं?" जेसन ने पूछा, और कोशिश की कि उत्तर देते हुए चाड को लड़की पर नज़रें गड़ाए हुए न देखे, उससे नज़र चुरा ले। ऐसा क्यों था कि सभी लड़कियां पुलिस वालों को पसंद करती थीं?

"नहीं, मुझे आभास हो रहा है, कि अभी मुझे संयम रखना चाहिए। असल में मैं ट्रेवर को पसंद नहीं करता हूँ, तो मैं ने खेलने के लिए एनवी को अपना टेसर दे दिया है।" चाड ने काफी देर बाद लड़की से आँखें हटा कर जेसन की ओर देखा और व्यंग से मुस्कुराया। "और मैं पुलिस कार ले कर आया हूँ।" वह जानता था कि जेसन बाक़ी की बात समझ जाएगा।

अचानक अपने दोस्त को लड़की के साथ चुंबक की तरह चिपका छोड़ कर जेसन बार से दूर खिसका। "अरे वाह, तो फिर मैं इसे किसी तरह चूक नहीं सकता!" वह कूद कर रेलिंग के पार चला गया, पीछे से उसे चाड का ठहाका सुनाई दिया।

"तो, इन दो लोगों को आज की रात मैं ने खुश कर दिया," चाड ने कैट को आँख मारी, वह जानता था कि वह सुन रही थी, फिर उसने अपने पेय का पैसा दिया। अच्छा होता कि वह जा कर देखता कि एनवी क्या कर रही है।

जब चाड ने जा कर जेसन का साथ देने से पहले कैट को बीस का नोट दिया और चिल्लर रख लेने के लिए कहा तो उसने स्वीकृति में सर हिलाया। ये दोनों लड़के किसी लड़की की भावनाओं के लिए खतरनाक हो सकते थे। जेसन के लंबे लहराते हुए भूरे बाल थे और उसका शरीर बेवाच के किसी मॉडेल जैसा था।

उसने वहाँ से गुजरने वाली कई लड़कियों को उसका ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करते हुए पकड़ा था। जेसन ने उनमें से किसी पर भी ध्यान नहीं दिया था और अपने ख़यालों में ही खोया रहा था.... फिर उसने उसे अपने सबसे अच्छे दोस्तों के बारे में बताना शुरू किया था, चाड और वह लड़की, जिसको ले कर वे दोनों काफी सुरक्षात्मक लग रहे थे।

वह समझने में असमर्थ थी कि उसके भाई के अलावा कोई और उसको ले कर इतना सुरक्षात्मक था। उसने क्विन की छवि को अपने दिमाग़ से निकालने के लिए हल्के से पलकें झपकाईं और सामने आई हुई समस्या पर ध्यान केन्द्रित करने लगी।

वह टेसर वाली टिप्पणी थी, जिस ने क्विन पर से उसका ध्यान हटाया था। कैट ने इस नए मनोरंजन के बारे में अपने भाइयों को चेतावनी देने का फैसला किया, जो शुरू होने वाला था। वे पहले ही हाल ही में क्लब के आस-पास होती हुई हत्याओं के कारण काफी परेशानियों से जूझ रहे थे। बुराई पर ध्यान जल्दी आकर्षित होता था।

चाड एनवी को देखने के लिए रेलिंग पर थोड़ा झुका। शुक्र था कि पिंजरे वाले नर्तक अब भी वहीं थे और उन पर पड़ने वाली स्पॉट लाइट से उसे देखना आसान हो गया था। जेसन की कमजोर सी आवाज़ सुन कर उसने जेसन की नज़र का पीछा किया और उसे पिंजरे की हल्की स्पॉट लाइट के पास ही कई लोगों के बीच में डांस करते हुए पाया। उसने भौहें सिकोड़ीं, अपनी नज़र का दायरा सीमित किया और सोचा कि वह कर क्या रही थी।

"कम से कम वह ट्रेवर की ओर देख रही है। खैर, बुलाने के लिए शुक्रिया," उसने गंभीर आवाज़ में कहा। "मैं ऐसी किसी चीज़ के होने का इंतज़ार ही कर रहा था।"

जेसन ने कंधे उचकाए, "यह मेरे लिए नहीं था। यह उसके लिए था। वह इससे बेहतर के काबिल है।" यह जान कर कि अब वह अकेली हो जाएगी, उसने उसे देखते हुए मुस्कुराने का प्रयास किया। लेकिन सारे लड़कों को उसका ध्यान खींचते हुए देख कर उसकी हल्की सी मुस्कुराहट में उदासी घुल गई।

अध्याय 2

एनवी जैसे ही सीढ़ियों से नीचे उतरी उसने स्वयं को गर्मी से घिरते हुए महसूस किया। उसने अपनी तनी हुई मांसपेशियों को आराम देने की कोशिश की और डांस फ्लोर की ओर बढ़ गई। ट्रेवर की दिशा में कुछ कदम चलने के बाद उसने महसूस किया कि वह वासना के दलदल में थी, उँगलियाँ उसकी नग्न त्वचा पर रेंग रही थीं और अंजाने बदन उससे टकरा रहे थे।

डांस फ्लोर दूसरे क्लबों से अधिक अंधेरा था, जिनमें वह गई थी, या जिनमें उसने काम किया था और उसने पाया कि उसे यह निजता पसंद आई थी। यहाँ कई व्यक्तिगत युगल नृत्य नहीं कर रहे थे, बल्कि यहाँ गर्म बदन आपस में घुल-मिल रहे थे। माहौल के बदलाव को महसूस करते हुए उसने अपने हाथ उठाए और अपनी उँगलियों को अंधेरे में अजनबियों पर रेंगने दिया। एड्रेनलिन का बहाव तेज़ हो गया और फिर उसको घेरे हुए भीड़ तेज़ संगीत की लय पर थिरकने लगी।

ट्रेवर का सामना करने की बात छोड़ कर उसने एक पल के लिए अपनी आँखें बंद कर लीं और सामान्य रूप से उस संगीत के साथ हिलती रही, जिसे वासना की आवाज़ के सिवा और कुछ नहीं कहा जा सकता था।

जब उसने महसूस किया कि छिछले स्पर्श और भी निर्लज्ज होते जा रहे हैं, तो एनवी ने अपनी आँखें खोलीं और खुद को कई मर्दाना छातियों के बीच घिरे पाया, जिनमें से कुछ के खुले हुए बटनों के पीछे से उनकी नंगी त्वचा दिख रही थी और कुछ चुस्त कपड़े से ढके हुए थे, जो उतने ही उत्तेजित करने वाले थे। नज़रें टकराने के डर से सर उठा कर उनके चेहरों की ओर देखने की उसकी हिम्मत नहीं हुई।

थोड़ा उतावलेपन से उसने पीछे हटना शुरू कर दिया, और वासनात्मक नृत्य में उनके अपने पीछे आने पर उसे कोई आपत्ति नहीं हुई। जब उसने अपनी पीठ पर नर्तकों के पिंजरे की ठंडी छुअन महसूस की, तो उसने ऊपर देखा, क्योंकि यह एक छोटे मंच पर रखा हुआ था। उसकी आँखें पिंजरे के अंदर वाले आदमी से टकराईं जिसने अपने साथ की लड़की को अधिकारपूर्ण मुद्रा में अपने गुटनों के नीचे दबा लिया था।

जब उन दोनों की नज़रें एक दूसरे में अटक कर रह गईं, तो बाक़ी का सारा कक्ष जैसे धूमिल हो गया। जिस दृष्टि से वह उसे देख रहा था, उससे एनवी को लगा कि जैसे उसी ने समर्पण कर दिया हो। उसकी आँखें बर्फीले नीले रंग की थीं, जिनकी पुतलियों के चारों ओर एक मोटा सा काला घेरा था। उसने ऐसी चौंकाने वाली चुभती हुई आँखें पहले कभी नहीं देखी थीं। वह उनमें घंटों तक झांक सकती थी और फिर भी उसका जी न भरता, और इससे वह डर गई थी।

Ваша оценка очень важна

0
Шрифт
Фон

Помогите Вашим друзьям узнать о библиотеке

Скачать книгу

Если нет возможности читать онлайн, скачайте книгу файлом для электронной книжки и читайте офлайн.

fb2.zip txt txt.zip rtf.zip a4.pdf a6.pdf mobi.prc epub ios.epub fb3

Популярные книги автора