अध्याय 1
10 साल बाद…
क्लब से लयबद्ध ढंग से संगीत की जोरदार आवाज़ें आ रही थीं, और लय के साथ ताल मिलाते हुए इसका विशाल बैंगनी नियोन साइन रंग बदल रहा था। गली की इमारतों पर रौशनियाँ एक अजीब सी चमक पैदा कर रही थी। उस इमारत की छत पर छोटे और हल्के सुनहरे बालों वाला एक आदमी किनारे पर पाँव रख कर खड़ा था। वह आगे की ओर झुका, अपने मुड़े हुए घुटने पर एक कोहनी टिका कर सिगरेट पीने लगा।
केन ट्रिप ने अपना सर हल्का सा टेढ़ा किया और अपने छोटे स्पाइकी बालों पर हाथ फिराया। वह इन्हें काटने से नफरत करता था, और इनकी पहली वाली लंबाई को याद करता था। वह अपनी कमर पर झूलते हुए उनके रेशमी स्पर्श को अब भी महसूस कर सकता था। उसने सिगरेट को अपने होंठों में दबाया और एक गहरा कश खींचा, वह जानता था कि उसने कितनी चीज़ें खो दी हैं जैसे वे सिगरेटें, जो वह ज़िंदा दफन कर के मरने के लिए छोड़ दिये जाने से पहले पिया करता था।
चालीस लंबे साल बीत गए, जब वह जैगुआर नस्ल के मुखिया मलाची द्वारा बचाव में पकड़ा गया था, और उस पर उसकी पत्नी की हत्या का आरोप लगा था। उस रात से पहले केन का जैगुआरों के साथ अच्छा ताल-मेल था और उन का मुखिया उस का सबसे अच्छा दोस्त था। याद करते हुए केन ने होंठ भींच लिए। मलाची ने उसे क्रोध के दौरे में जांचा, परखा था और सज़ा भी सुना दी थी।
जिस किताब को केन ने इतनी सावधानी से छिपाया था, उसी किताब के जादू का इस्तेमाल करते हुए मलाची ने उसे एक अभिशाप से बांध दिया था, हिलने-डुलने या बात करने में असमर्थ... अपना बचाव तक करने में असमर्थ। फिर उसने केन के खूनी पत्थर की बाली को निकाल लिया था, जिससे उसे दिन के उजाले में चलने-फिरने की आजादी मिलती थी। खूनी पत्थर, जो कभी पहले पिशाच, सिन के हुआ करते थे।
केन ने एक बार पूछा था कि कोई पहला कैसे हो सकता था और उत्तर ने उसे चौंका दिया था।
सिन इस दुनिया में अकेला आया था, घायल और भूखा-प्यासा। उसे एक युवा व्यक्ति मिला और भूख के मारे सिन ने उसका खून ले लिया। पिशाच जल्दी ही जान गए कि इस दुनिया के इंसान बहुत नाज़ुक प्राणी हैं, जिनसे अगर वह इस ग्रह पर एक परिवार की रचना करने की आशा में अपना खून साझा करता है, तो उनकी आत्मा उन्हें छोड़ देती है। लेकिन जब उनकी आत्मा चली जाती है, वह उसके लिए बेकार हो जाते हैं और एक राक्षस से भी बढ़ कर हो जाते हैं।
अपने अंतहीन जीवन के दौरान सिन को केवल तीन ऐसे इंसान मिले थे, जो अपनी आत्मा को बचा पाये थे....उसके बच्चे बन कर भी। उनमें केवल इतना फर्क आता था कि जब वे बदल जाते थे तो सूरज उन्हें जला देता था.....जिसकी वजह से उन्हें और उनके राक्षस भाइयों को दिन की रौशनी से छुपना पड़ता था। सिन के ग्रह पर खूनी पत्थर के कारण ऐसी कोई समस्या नहीं थी।
जो मोटा सा कड़ा सिन पहने रहता था, वह उसकी अपनी दुनिया से आया था और खूनी पत्थर का बना हुआ था। उस कड़े से एक टुकड़ा टूट जाने पर उसने उसे एक अंगूठी, एक हार और एक इकलौती बाली में गढ़वा लिया था। केन ने एक बार फिर उस बाली को छू कर देखा, जो उसने पहनी हुई थी।
जहां खूनी पत्थर ने उसे एक अर्द्ध-सामान्य जीवन दिया था.... यह सिन की जादू की किताब थी, जो केन के पतन का कारण बनी थी। सिन ने उसे अपने चुने हुए उत्तराधिकारी के बुद्धिमत्ता पूर्वक उपयोग करने के लिए छोड़ा था। इसके अंदर एक घातक मंत्र था, आत्मा विहीन बच्चों के दमन का एक तरीका, यदि कभी वे इन्सानों के लिए कोई बड़ा खतरा पैदा कर दें तो।
जब उस घातक जादू का उस पर प्रयोग किया गया, तो केन अपनी काली, झपकने में अक्षम आँखों से अपने पूर्व मित्र को अपने ऊपर मिट्टी डालते हुए केवल देख ही सकता था। आखिरी चीज़ जो उसे याद थी, वह जंगल के ऊपर तारों से भरा आकाश था।
अंधेरा अत्यधिक खामोश था और सब कुछ निगल गया था। जादू ने उसे बांध दिया था, वह मिट्टी में चीजों को अपने ऊपर रेंगते महसूस कर सकता था। छोटे-छोटे भौतिक प्राणी, जो उसका अनश्वर मांस खाने से बचते थे लेकिन अंजाने में उसकी आत्मा को कुतरते थे।
जैसे-जैसे समय गुज़रता गया, उसे लगने लगा कि हो न हो, वह पागल हो गया है, और फिर उसे अक्सर आवाज़ें सुनाई देने लगीं….. स्वर। उनका उसके क़ैदख़ाने में स्वागत था और वह और स्वर सुनने के लिए तरसता रहता था। कभी कभी उसे पूरे परिवारों की आवाज़ें सुनाई देतीं, और कभी कभी केवल वयस्कों की।
कभी कभी वह मंत्र से लड़ने, मदद के लिए पुकार लगाने या यहाँ तक कि किसी का साथ पाने का भी प्रयास करता। जादू ने उसे बुरी तरह जकड़ रखा था, और उसे बिलकुल शक्तिहीन कर दिया था। वह इस मंत्र को जानता था......उसका राक्षसों पर प्रयोग कर चुका था। यह जादू का एक जटिल भाग था, जिससे छुटकारा पाने के लिए उसे किसी प्रिय व्यक्ति के खून की आवश्यकता थी। वह प्यार का जादू इतना मजबूत था, कि उसे केवल शिकार का जीवनसाथी तोड़ सकता था।
यह हमेशा आत्माहीन पिशाचों पर कारगर होता था, क्योंकि एक आत्मीय साथी पाने के लिए आपके पास एक आत्मा होनी चाहिए। उसने दुनिया को अपने राक्षसी हत्यारे भाई-बहनों से छुटकारा दिलाने के लिए एक से अधिक बार इस जादू का इस्तेमाल किया था, जो रक्त-पिपासा के अलावा कुछ नहीं जानते थे।
केन अपनी तबाही की भयानक यादों पर दुर्भावनापूर्ण हंसी हंसा.....क्योंकि उसकी कोई आत्मीय साथी नहीं थी। कम से कम वह ऐसे किसी रहस्य से कभी दो-चार नहीं हुआ था। और यदि होती भी, तो भी यह मुमकिन नहीं था कि वह खून बहाती हुई उसकी क़ब्र पर आ गिरती। मलाची का दिल बिलकुल टूट चुका था.....वह अपनी बीवी से इतना प्यार करता था कि वह चाहता था कि केन ऐसे प्यार की गहराई को समझे और उसके लिए तड़पता रहे।
वह इसके लिए तड़पा था। उसने कई बार आँसू बहाए थे, प्रार्थनाएँ की थीं, कि शायद ईश्वर ही सुन ले, और उसकी जीवनसाथी को उस तक ले आए, ताकि वह मुक्त हो सके। यदि उसने वाकई अपने दोस्त की बीवी को मारा होता, तो उसकी यह सज़ा न्यायपूर्ण होती। लेकिन वह ऐसे किसी अपराध से पाक था।
उस रात, उम्मीद छोड़ देने के काफी दिन बाद.....उसने इसे सुना था। मलाची की दूर से आती गर्जना ने उसके पागल आंतरिक एकालाप को तोड़ दिया, जिसके साथ रोष की एक और पशुवत चीख भी शामिल थी। फिर उसे झटका लगा, उसने अपने ठीक ऊपर एक नन्ही बच्ची की आवाज़ सुनी, जो चिल्ला रही थी कि उसके कुत्ते को चोट न पहुंचाई जाए।
उसकी नन्ही, डरी हुई आवाज़ ने उसके अंदर कुछ तोड़ दिया, और उसमें मुक्त होने की इच्छा पैदा कर दी, ताकि वह उसे रात के अंधेरे में उन जानवरों से बचा सके।
"मलाची तुम्हारे कुत्ते को चोट नहीं पहुंचाएगा, नन्ही बच्ची," केन मन ही मन में फुसफुसाया।
यह सच था। मलाची किसी को भी चोट नहीं पहुंचा सकता था, जब तक कि वे उसके साथ किसी तरह का गंभीर अन्याय न करें..... विशेष तौर पर एक बच्चा। यह जान कर कि उसका दोस्त वहीं कहीं उसके ऊपर है, केन ने अपने अंदर जीवन की एक चिंगारी जलती हुई महसूस की। जब लड़की दोबारा चिल्लाई और उसने किसी कठोर चीज़ को धरती पर गिरते सुना तो उसे ग़ुस्सा आ गया। खून..... उसने ताज़े, छलकते हुए खून की महक सूंघ ली, जो नर्म मिट्टी को भेदते हुए उसकी ओर बह रहा था।
यह उसके सामने आने वाली सबसे स्वागत योग्य बात थी। गंध उसके दिमाग़ में घुस गई और इस बात ने कि वह उस तक पहुँच नहीं सकता, उसे पागलपन की ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। एक लंबे समय से उसने एक बूंद भी नहीं पी थी इस वजह से वह काफी कमजोर हो चुका था......कि वह प्यास से मर रहा था, जबकि वह मर नहीं सकता था। तभी उसने अपनी एक उंगली में फड़कन महसूस की।
केन ने इस पर ध्यान केन्द्रित किया अपने दिमाग़ की बची-खुची ताक़त को एकत्रित कर के हिलने की कोशिश की। उसने गुजरे हुए दिनों को महसूस किया, और उन्हें अपने ऊपर की ज़मीन से आती हुई गर्मी पर आधारित किया। अब खून की गंध ने उसे चारों ओर से घेर लिया था और वह उसे प्रेरित कर रही थी। आखिरकार वह अपनी बाहों से काम करने में सक्षम हो गया और अपनी स्वयं की क़ब्र को खोद कर उसमें से खुद को बाहर निकाल पाने की धीमी प्रक्रिया शुरू कर दी।
और भी दिन गुजरे और जब उसके हाथों ने आखिरकार सतह को तोड़ा, वह सच में खुशी के आँसू रोया था। मिट्टी में से बाहर आते हुए केन ने अपनी आँखें खोलीं और ऊपर की ओर देखा, और जैसे ही उसने अपने सर के ऊपर काला आकाश और तारे देखे, वह पागलों की तरह हंसने लगा। फिर उसने नीचे ज़मीन को देखा तो उसे कपड़े का एक टुकड़ा दिखा, जिस पर खून के छींटे पड़ कर सूख गए थे। उसने उसे उठा लिया, उसे अपनी नाक तक ले गया और खून की उस गंध को सूंघा, जिसने उसे आज़ाद किया था।
अपने बचाने वाले की याद को सख्ती से अपनी मुट्ठी में भींच कर उसने अपने बाक़ी शरीर को भी ज़मीन से ऊपर उठाया। मलाची और उस इच्छाधारी की लाशें, जिसने सच में जैगुआर की बीवी को मारा था, उसकी क़ब्र से कुछ ही कदमों की दूरी पर पड़ी थीं।
जंगल में अपने अतीत का सामना करते हुए, वह जानता था कि लड़की बहुत दूर जा चुकी थी लेकिन केन को यकीन हो चला था कि वह बच्ची ही उसकी जीवनसाथी है। मलाची के द्वारा उस पर किए हुए जादू को और कौन तोड़ सकता था?
लड़की को ढूँढने के लिए वह काफी कमजोर था, इसलिए केन रेंग कर मलाची तक गया और उसके गालों को नर्मी से छुआ। उसका चेहरा अपनी ओर घुमाया, तो केन की साँसों ने उसे उलझन में डाल दिया। मलाची ने खूनी पत्थर की बाली पहनी हुई थी। उसकी बाली!
क्रोध की एक लहर के साथ केन बिजली की तेज़ी से, बाली अपनी मुट्ठी में दबाए, खड़ा हो गया। उसने नथानियल पर नज़र डाली, वह आदमी, जिसने उसे निशाना बनाया था, केन ने अंधेरे को अपने चारों ओर एक लबादे की तरह ओढा और उसी अंधेरे में ग़ायब हो गया।
केन ने सांस छोड़ी और हवा में बहते धुएँ को देखा, जो हवा में घुलने से पहले उसके सामने चक्कर काट रहा था। उसने पिछले दस साल भिन्न-भिन्न महाद्वीपों के भिन्न-भिन्न देशों में घूमते हुए, और जो कुछ भी उसने अपनी तीस साल की क़ैद में खोया था, वह सब सीखते हुए बिताए थे।
उसने धीरे धीरे अपनी ताक़त वापस प्राप्त कर ली थी, जिसकी शुरुआत उसने एक सफ़ेद योर्की कुत्ते से की थी, जो उसे उसी जंगल में एक पेड़ की कोटर में दुबका हुआ मिला था। वह किसी का पालतू लग रहा था और उसे ऐसा करते हुए ग्लानि भी महसूस हुई थी, लेकिन उस समय उसके लिए अपनी भूख मिटाने की आवश्यकता, ग्लानि से ज़्यादा शक्तिशाली थी।
जब उसकी भूख मिट गई तब उसे एहसास हुआ कि कुत्ता उस बच्ची का था, जिसने उसे मुक्त कराया था। उस नन्ही-मुन्नी बालों वाली गठरी में जीवन की छोटी सी चिंगारी महसूस करते ही, उसने सबसे घृणित काम किया था। अपनी खुद की कलाई को काट कर केन ने ज़बरदस्ती कुछ बूंदें उसकी गुलाबी जीभ पर टपकाईं, फिर यह सोचते हुए कुत्ते को ज़मीन पर लिटाया कि वह आखिर कर क्या रहा है। यह कभी कारगर नहीं होगा, है ना?
उसने उसे दो बार बचाया था, और वह इसे जानती भी नहीं थी। उसकी डरी हुई आवाज़ की यादों में अब भी वह शक्ति थी कि उसे गहरी से गहरी नींद से जगा दे। वह उसे फिर से देखने की इच्छा रखता था.....बस एक झलक, उस आवाज़ की, जिसने उसे डरा दिया था।
उसने अपनी जेब में हाथ डाल कर एक छोटा सा पट्टा निकाला और उस पर लगे हड्डी के आकार के टैग को देखा। उसे परिवार का नाम पता था, लेकिन उस पर लिखा हुआ पता अब वैध नहीं था.....पिछले कई वर्षों से नहीं था। जब अंततः उसने सीख लिया कि एक कम्प्यूटर कैसे काम करता है, उसने खोज की लेकिन लड़की के माता-पिता मर चुके थे और घर बिक चुका था। बेटी, जिसके बारे में उसे यकीन था कि उसने ही उसे आज़ाद किया था, कोई निशान छोड़े बिना ग़ायब हो चुकी थी।
केन ने झुँझला कर अपनी सिगरेट को अपने बाएँ पैर से ठोकर मार कर उछाल दिया। लॉस एंजिल्स लौटने के बाद वह फौरन उस क्लब में लौटा था जिस में मलाची किसी समय रहा करता था और उसे चलाया करता था, और उसे पता चला था कि वह बिक चुका था और उसके बच्चे एक नए पते पर रहने चले गए थे। नई जगह किसी समय और कुछ नहीं, बस एक टूटा-फूटा गोदाम हुआ करता था, लेकिन जैगुआरों ने हाल ही में इसकी पुनर्रचना की थी, और इसे नए जमाने के एक नाइट क्लब में बदल दिया था। अब इसे मलाची के बच्चे चलाते थे।
उसने यह सोचते हुए अपना सर हिलाया कि मलाची दोबारा शादी कैसे कर सकता था, क्योंकि वह जानता था कि वह अपनी पहली बीवी को कितना प्यार करता था। वह उसकी आत्मा की साथी थी, और हालांकि इच्छाधारियों को उनकी यौन भूख के लिए जाना जाता था, लेकिन एक बार अपने जीवनसाथी से मिलने के बाद दूसरे किसी से प्यार करना लगभग असंभव था।
जब केन ने इस पर शोध किया तो उसे पता चला कि मलाची की नई बीवी ने उसके चार बच्चों को जन्म दिया था और उसके सबसे छोटे बच्चे निक को जन्म देते समय मर गई थी।
मलाची उसी रात मर गया था, जब उसने ज़मीन के अंदर से उसकी दहाड़ सुनी थी, लेकिन केन को अब भी बदला लेने की इच्छा अंदर से कुरेदती रहती थी। लगभग सारे ही पिशाच अंधेरे से पैदा होते हैं और शायद सिन ग़लत था कि वह बुराई में अपने भाई-बहनों से अलग है । बस तीस सालों के यातनापूर्ण सालों में अपना दिमागी संतुलन खो देने के कारण उसे पर्याप्त नुकसान हुआ था, और अब वह उन लोगों से अलग नहीं था। उसका दिमाग़ भी अब उसी अंधेरे में था, जहां मलाची ने उसे छोड़ दिया था।
जहां तक केन का सोचना था, वह जैगुआर थे, जिन्होंने पहले खून-खराबा शुरू किया था। अब वह उन्हें उनका ईनाम देने के लिए वापस आया था.....मलाची के बच्चों से शुरुआत करके, लानती इच्छाधारियों की पूरी नस्ल को। ओह, वह यहीं नहीं रुकेगा। उसके बाद उस इच्छाधारी के बच्चों की बारी आएगी, जिसने उसे निशाना बनाया था.....नथानियल वाइल्डर।
उसके लिए रक्त उपलब्ध कराने वाले अनुयायी बनाना मुश्किल नहीं था। केन अभी भी भीतरी शहर के पूरे भूमिगत जंगली दृश्य पर चकित था। उनमें से कई वह होने का केवल सपना देखते थे, जो वह था...... एक जंगली इच्छुक के बजाय, एक सच्चा पिशाच।
उसे बस इतना करना था कि वह एक को बदल देता, और फिर उसकी वशीभूत आत्मा को अपने उपकरणों पर छोड़ देता। उसने सब से खतरनाक समूह का चुनाव किया। रेवेन, एक धूर्त, जो इंसानी रूप में लगभग मनोविकृत था.....एक जंगली निर्वासित, जो खून का प्यासा था, काफी पहले से, जब उसे इसकी आवश्यकता भी नहीं थी।
रेवेन अकेला व्यक्ति था, जिसे केन ने इच्छाधारियों के छल और उसे निशाना बनाने और फिर ज़िंदा दफ्न कर देने के बारे में बताया था। वह नहीं जानता था कि उसने रेवेन को यह सब क्यों बताया..... शायद ऊब के कारण।
केन ने दुष्टों को शहर में खुला छोड़ दिया। रात के बच्चे का पुनर्जन्म पाने से पहले रेवेन दुनिया से नाराज़ था, और अब केन ने उसके ग़ुस्से को बाहर निकलने का एक रास्ता दे दिया था। रेवेन ने केन के नाम पर बदला लेने की ज़िम्मेदारी खुद पर ले ली थी और आत्माहीन पिशाच उसकी नई योग्यताओं का इस्तेमाल पूरी क्षमता से करने लगे।
उसने रेवेन से बात करने की कोई कोशिश नहीं की, क्योंकि यह मलाची के परिवार को तबाह करने की उसकी योजना पर पूरी तरह खरा उतरता था। वह इच्छाधारियों को रेवेन से क्यों बचाता? ज़्यादा से ज़्यादा जो वह कर सकता था, कि वह भूख मिटाने के लिए इन्सानों को न मारे, कि यदि वह न चाहता तो वह किसी को कोई नुकसान न पहुंचाता। यह उसकी ग़लती नहीं थी कि रेवेन ने इसके बजाय मौत की सज़ा देने का विकल्प चुना था।
केन ने सिर्फ एक ही बार इसमें हिस्सा लिया था, जब रेवेन ने पहली बार किसी को मारा था। लड़के के मुर्दा जिस्म को पिशाचों के निशानों के साथ छोडने से पहले, जो इन्सानों को आसानी से नज़र आ सकते थे, उसने उसे पकड़ लिया । अपनी प्रजाति को गुप्त रखना उसकी आत्मरक्षा का एक गहरा राज़ था और वह इस राज़ को रेवेन को बताना भूल गया था। फिर केन ने उसे दिखाया कि दांतों के निशानों को काट कर साधारण परपीडक हत्या की तरह कैसे दिखाया जाए।